वृक्षारोपण, कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठनात्मक नियुक्ति पर रहेगा फोकस; तोरन सिंह शिल्पकार को प्रदेश सह मीडिया प्रभारी का नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा
विदिशा। राष्ट्र चेतना मंच मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर दुबे और केंद्रीय पर्यवेक्षक राहुल दुबे का 14 अक्टूबर को विदिशा दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान नशामुक्ति अभियान, वृक्षारोपण, संगठनात्मक संवाद और पत्रकार वार्ता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दौरे के दौरान संगठन की गतिविधियों को गति देने के साथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद भी किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 9 बजे विदिशा रेलवे स्टेशन से नशामुक्ति अभियान के तहत रैली निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे माधव उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। सुबह 10 बजे मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मेल-मिलाप और संवाद किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में संगठन की गतिविधियों पर होगी चर्चा
दौरे का प्रमुख कार्यक्रम सुबह 11 बजे शास्त्री नगर स्थित बेतवा भूमि समाचार कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता होगी। इस अवसर पर मीडिया से जुड़े विषयों और संगठन की गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही बेतवा भूमि समाचार के संपादक तोरन सिंह शिल्पकार को राष्ट्र चेतना मंच मध्य प्रदेश के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी पद का नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे मंच के नवनियुक्त स्वास्थ्य चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रवि मालवीय के क्लीनिक पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, चाय पर चर्चा और अल्पाहार का कार्यक्रम निर्धारित है।
नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर जोर
दौरे के दौरान प्रस्तावित नशामुक्ति रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। वहीं, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार और आपसी समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्र चेतना मंच की ओर से सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहभागिता करने की अपील की गई है।

