पीएनसी और बर्न वार्ड का लिया जायजा, स्वच्छता व स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर पीएनसी और बर्न वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने चिकित्सालय प्रबंधन को वार्डों में स्वच्छता बनाए रखने, उपचार व्यवस्था बेहतर करने और मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विदिशा एसडीएम मनीष कुमार जैन, सिविल सर्जन सहित अन्य चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद रहा।


