समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह ने जरूरतमंद बच्चियों को पहनाई चप्पल, बिस्किट खिलाकर किया पूजन
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। नवरात्रि के प्रथम दिन मां भगवती की आराधना के साथ सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह कुशवाहा ने विदिशा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के आसपास रहने वाली करीब पांच दर्जन जरूरतमंद कन्याओं का पूजन कर उन्हें चप्पल पहनाई और बिस्किट खिलाकर नवरात्रि पर्व मनाया।
करीब 3 से 12 वर्ष तक की इन बच्चियों में कई ऐसी थीं, जो बिना चप्पल के ही ट्रेन से विदिशा पहुंची थीं। ये परिवार दूसरे जिलों से विदिशा में खेतों और अन्य स्थानों पर मजदूरी एवं काम करने के लिए आते हैं। नंगे पैर घूम रही बच्चियों को जब नई चप्पल पहनाई गई तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

धर्मेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही मां भगवती की सच्ची आराधना है। कन्या को जगत जननी का स्वरूप माना गया है, इसलिए नवरात्रि के अवसर पर कन्याओं की सेवा और पूजन को उन्होंने मां की आराधना से जोड़ा।
उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य किसी संस्था या सरकारी सहयोग से नहीं, बल्कि अपने निजी संसाधनों से कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। पूर्व में भी वे सैकड़ों जरूरतमंद बच्चों को चप्पल पहना चुके हैं।
उनका कहना है कि कोई भी बच्चा नंगे पैर न रहे, यही उनका लक्ष्य है। मां भगवती की कृपा से जरूरतमंद बच्चों की सेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

