मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर से सिंगल क्लिक से किया पेंशन राशि का अंतरण, विदिशा के 45,528 हितग्राही भी लाभान्वित
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को नरसिंहपुर से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में सितंबर 2026 की पेंशन राशि अंतरित की। अक्टूबर में किए गए इस भुगतान के तहत प्रदेशभर में कुल 213.41 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से जिला मुख्यालय सहित जिले की ग्राम पंचायतों में देखा और सुना गया।
विदिशा जिले में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 45,528 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इन हितग्राहियों को प्रतिमाह कुल 2 करोड़ 79 लाख 16 हजार 800 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पात्र हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं के तहत 600 रुपए प्रतिमाह की दर से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है।
जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन श्री हरि वृद्धाश्रम में किया गया। यहां हितग्राहियों और संबंधित अधिकारियों ने नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
नौ योजनाओं से मिल रहा लाभ
जिले में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी नौ प्रमुख योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इनमें मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन, कन्या अभिभावक पेंशन, मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन, विधवा/परित्यक्ता पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, निःशक्त पेंशन सहित मंदबुद्धि/बहुविकलांगजनों को आर्थिक सहायता और दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि योजना शामिल हैं।
योजनावार आंकड़ों के अनुसार मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना में 23,930, सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन योजना में 11,788, वृद्धावस्था पेंशन में 4,308, दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना में 2,970 तथा मंदबुद्धि/बहुविकलांगजनों की योजना में 2,123 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा कन्या अभिभावक पेंशन में 944, विधवा/परित्यक्ता पेंशन में 419, मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन में 45 और वृद्धाश्रम पेंशन में एक हितग्राही शामिल है।
पेंशन राशि के नियमित अंतरण से जिले के वृद्धजनों, महिलाओं और दिव्यांग हितग्राहियों को आर्थिक संबल मिल रहा है। सरकार द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरित किए जाने से पेंशन वितरण प्रक्रिया को भी सरल और पारदर्शी बनाया गया है।

