खराब सड़कें, कचरे के ढेर और सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। नवरात्रि पर्व से पहले शहर की बदहाल सड़कों, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष वैभव भारद्वाज ने नगर पालिका प्रशासन को घेरा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो नागरिक समस्याओं को लेकर नगर पालिका के खिलाफ शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन किया जाएगा।
भारद्वाज ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं का शहर में आगमन शुरू होने वाला है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पूजा पंडालों और धार्मिक स्थलों तक पहुंचेंगे। ऐसे समय में सड़कों पर गड्ढे, जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई के अभाव की स्थिति शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई हिस्सों में नियमित कचरा उठाव नहीं होने से गंदगी के ढेर लगे हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से भी नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई प्रमुख मार्गों की खराब सड़कें आवागमन में बाधा बन रही हैं।
प्रतिमा मार्गों पर विशेष सफाई की मांग
वैभव भारद्वाज ने नगर पालिका से नवरात्रि से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के आगमन वाले मार्गों, प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, मंदिरों और पूजा पंडालों के आसपास विशेष सफाई कराई जाए। इसके साथ ही खराब सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की भराई, नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी दुरुस्त की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नियमित कचरा नहीं उठाया जा रहा है, वहां जिम्मेदारी तय कर संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
‘सुधार नहीं हुआ तो करेंगे प्रदर्शन’
भारद्वाज ने कहा कि नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए नगर पालिका को कर और विभिन्न शुल्क देते हैं। ऐसे में स्वच्छ सड़कें, नियमित कचरा उठाव और बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो नागरिकों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से अपील की कि प्रदर्शन की नौबत आने से पहले ही जनहित में शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

