गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
अल्प वर्षा और पीला मोजेक से प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे की मांग, खाद के ई-टोकन की व्यवस्था खत्म करने की भी उठाई आवाज
विदिशा/ग्यारसपुर। अल्प वर्षा और पीला मोजेक रोग से सोयाबीन की फसल प्रभावित होने के बाद किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने तहसील कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अटारी खेजड़ा, ग्यारसपुर और हैदरगढ़ क्षेत्र के प्रभावित गांवों में तत्काल फसल सर्वे कराने, पात्र किसानों को मुआवजा एवं फसल बीमा राशि दिलाने सहित कई मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं। इस दौरान किसानों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने नारेबाजी भी की।
किसान कांग्रेस ने कहा कि प्रभावित गांवों में जल्द से जल्द फसल सर्वे कराया जाए, ताकि नुकसान का वास्तविक आकलन हो सके और नियमानुसार किसानों को राहत राशि एवं फसल बीमा का लाभ मिल सके। वहीं पककर तैयार हो रही सोयाबीन की फसल के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने तत्काल पंजीयन शुरू कराने की मांग की, ताकि उपज बेचने में परेशानी न हो।
खाद के ई-टोकन पर भी सवाल
ज्ञापन में खाद वितरण की व्यवस्था को लेकर भी किसानों की परेशानी सामने रखी गई। किसान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को खाद लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की सुविधा को देखते हुए इस व्यवस्था को तत्काल समाप्त कर खाद वितरण को सरल बनाने की मांग की गई।
तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचकर किसानों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगपत्र मुख्यमंत्री तक भेजने का आश्वासन दिया।
किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत दांगी ने कहा कि अल्प वर्षा और पीला मोजेक रोग के कारण क्षेत्र के किसानों की सोयाबीन फसल को भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन तत्काल सर्वे कराकर पात्र किसानों को मुआवजा और बीमा राशि दिलाए। उन्होंने सोयाबीन पंजीयन शुरू करने तथा खाद के ई-टोकन की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की।
विदिशा विधानसभा अध्यक्ष महेंद्र सिंह किरार ने कहा कि प्राकृतिक कारणों से किसानों की मेहनत की फसल प्रभावित हुई है। ऐसे समय में किसानों को राहत पहुंचाना जरूरी है। प्रभावित गांवों का शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा और फसल बीमा की राशि उपलब्ध कराई जाए।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष बबलू रघुवंशी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रीति शंकर दयाल शर्मा, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष जीवन लाल शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा लोधी, जनपद सदस्य अनीश खान, जिला सचिव सचिन ठाकुर, अरुण शर्मा, आकाश मीणा, एससी-एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष जगन्नाथ अहिरवार, गजराज सिंह कुशवाह, ब्लॉक अध्यक्ष नौबत लोधी, मोहन सिंह लोधी, बृज किशोर, चंद्रपाल रघुवंशी, रामसिंह रघुवंशी, जगमोहन सोनी, अशोक राजपूत, नंदकिशोर लोधी, रघवीर सिंह और गंगाराम लोधी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

