सीनियर सिटिजन पुलिस पंचायत में 4 प्रकरणों की सुनवाई, समझाइश से एक मामले में बनी सहमति; दो मामलों में न्यायालय जाने की सलाह
विदिशा। सीनियर सिटिजन पुलिस पंचायत की बैठक में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े पारिवारिक और संपत्ति विवादों के चार प्रकरणों की सुनवाई की गई। पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनकर संवाद, समझाइश और आपसी सहमति के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।
मकान सास के नाम मिला
एक महिला ने अपनी सास पर धोखाधड़ी कर मकान बेचने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। पुलिस पंचायत की कोर कमेटी ने दोनों पक्षों की बात सुनी। परामर्श के दौरान मकान सास के नाम पर होना सामने आया। मामला सिविल प्रकृति का होने के कारण आवेदिका को न्यायालय के माध्यम से निराकरण कराने की सलाह दी गई, जिस पर वह सहमत हुई।
बैंक से पैसे निकालने और धमकी देने की शिकायत
एक 65 वर्षीय महिला ने अपने पुत्र पर बैंक से पैसे निकालने और अनावश्यक धमकी देकर परेशान करने की शिकायत की। जांच और पूछताछ में बैंक से पैसे निकालने संबंधी कोई साक्ष्य नहीं मिला। मामला पारिवारिक विवाद का पाए जाने पर दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति जताई।
संपत्ति विवाद में भी न्यायालय जाने की सलाह
एक महिला ने अपने जेठ पर संपत्ति विक्रय में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। दोनों पक्ष पंचायत के समक्ष उपस्थित हुए और उनकी बात सुनी गई। आपसी सहमति नहीं बनने तथा मामला सिविल प्रकृति का होने पर दोनों पक्षों को न्यायालय के माध्यम से विवाद का निराकरण कराने की सलाह दी गई।
बैठक में एक अन्य वरिष्ठ नागरिक संबंधी प्रकरण में भी दोनों पक्षों की बात सुनकर आवश्यक परामर्श और समझाइश दी गई। संबंधित पक्षों को प्रकरण के निराकरण के लिए उचित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ नागरिकों के विवादों में संवाद से समाधान का प्रयास
विदिशा पुलिस द्वारा संचालित सीनियर सिटिजन पुलिस पंचायत वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े पारिवारिक और संपत्ति संबंधी विवादों में दोनों पक्षों की बात सुनकर समझाइश एवं आपसी सहमति के माध्यम से समाधान की दिशा में कार्य कर रही है। पंचायत की सुनवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी के मार्गदर्शन में कराई जाती है।
बैठक में सीनियर सिटिजन पुलिस पंचायत कोर कमेटी के सदस्य आर.के. कुलश्रेष्ठ, अजय टण्डन, प्रमोद व्यास, डॉ. सचिन गर्ग एवं पार्थ पितलिया उपस्थित रहे।

