10 वाहनों का शुभारंभ, एक टन क्षमता वाले वाहनों से कचरा संग्रहण होगा आसान; ईंधन खर्च घटने के साथ प्रदूषण कम करने की पहल
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने और कचरा संग्रहण को आसान करने के लिए नगर पालिका ने 20 नए इलेक्ट्रिक कचरा वाहन खरीदे हैं। इनमें से 10 वाहनों की डिलीवरी मिलने के बाद गुरुवार को उनका शुभारंभ किया गया। इन वाहनों के संचालन से सफाई कार्यों में तेजी आने के साथ ईंधन खर्च में बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वाहनों के शुभारंभ अवसर पर विधायक मुकेश टंडन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश शर्मा और सीएमओ दुर्गेश ठाकुर मौजूद रहे।

एक टन क्षमता, कचरा संग्रहण होगा आसान
नगर पालिका के अनुसार, प्रत्येक इलेक्ट्रिक वाहन की क्षमता एक टन है। इनकी मदद से शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कचरा एकत्रित कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। नए वाहनों के शामिल होने से कचरा संग्रहण की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने और सफाई कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।
ईंधन खर्च बचेगा, प्रदूषण घटाने में मिलेगी मदद
इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी। इससे नगर पालिका के संचालन खर्च में बचत के साथ वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिल सकती है। यह पहल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल 10 वाहनों की मिली डिलीवरी
नगर पालिका ने कुल 20 इलेक्ट्रिक कचरा वाहन खरीदे हैं, लेकिन फिलहाल 10 वाहनों की ही डिलीवरी हुई है। शेष 10 वाहनों की उपलब्धता के बाद सफाई व्यवस्था में इनका उपयोग और बढ़ाया जा सकेगा। अब इन वाहनों के संचालन और नियमित उपयोग से यह तय होगा कि शहर की सफाई व्यवस्था को कितनी प्रभावी गति मिलती है।

