फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना के लिए जिला एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा- जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत विदिशा जिले में जनसंख्या गणना कार्य को व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है।
जिला पंचायत सभाकक्ष, विदिशा में आयोजित यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार किया जा रहा है। जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों को मजबूत करने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
जनगणना निदेशालय के प्रशिक्षक दे रहे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के प्रशिक्षक दिलीप साहू एवं दीक्षा केसवानी द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान जनगणना कार्य की प्रक्रियाओं, आवश्यक दिशा-निर्देशों और कार्य संपादन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जा रही है।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी मीना मसराम ने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से जुड़ी प्रक्रियाओं, निर्धारित दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित अपनी सभी जिज्ञासाओं का बेहिचक समाधान प्राप्त करें। आवश्यकता पड़ने पर बार-बार सवाल पूछकर विषय को स्पष्ट रूप से समझें, ताकि मैदानी स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला एवं नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल
जनगणना-2027 के तहत प्रशिक्षण एवं व्यवस्थाओं में समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर नितिन कुमार जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, नोडल अधिकारी नितिन कुमार जैन, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जनगणना लिपिक तथा जिला कार्यालय के तकनीकी सहायक शामिल हैं। इसके अलावा जिले के प्रत्येक नगरीय क्षेत्र से मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायक भी प्रशिक्षण में सहभागिता कर रहे हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना तथा विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय स्थापित करना है, जिससे जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जा सके।
सुबह 9.30 से शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण का समय सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रथम दिन सुबह 9.30 बजे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पंजीयन और संक्षिप्त परिचय कराया गया। इसके बाद चाय के उपरांत सुबह 11 बजे से जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण देना शुरू किया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित, समन्वित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तैयार करना है।


