सुबह से ही मंदिरों में लगी कतारें, जयकारों से गूंजा शहर; श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही रविवार को शहर पूरी तरह देवी भक्ति में रंगा नजर आया। सुबह से ही शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। माता के दर्शन और पूजन-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। मंदिर परिसरों में घंटियों की गूंज, माता के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु सुबह जल्दी ही मंदिर पहुंच गए थे, जिसके चलते प्रमुख मंदिरों में दिनभर दर्शन के लिए भीड़ बनी रही।
बेसनगर स्थित चीरोंल वाली माता मंदिर, दुर्गा नगर स्थित ज्वाला देवी मंदिर, मोहनगिरी का प्राचीन असाड़ी माता मंदिर, देवी का बाग और रेलवे स्टेशन स्थित सिद्धेश्वरी माता मंदिर सहित शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए।

नवरात्रि के चलते मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक आयोजन भी किए गए हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दोपहर तक जारी रहा। शहर के प्रमुख मंदिरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए समितियों द्वारा भी इंतजाम किए गए।
नवरात्रि के पहले दिन उमड़ी भीड़ से शहर में धार्मिक उत्सव का माहौल दिखाई दिया। आने वाले दिनों में मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।


