विधायक मुकेश टंडन की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम, जल्द स्थापित होगी महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। 1008 श्री अग्रसेन महाराज की जयंती के अवसर पर रविवार को नवरात्रि के शुभारंभ के साथ अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में बाल विहार चौक पर अग्रसेन चौराहे का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में विधायक मुकेश टंडन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, विदिशा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश जैन सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अग्रसेन चौराहे की शिला पट्टिका का शुभारंभ किया गया। अग्रवाल समाज द्वारा लंबे समय से इस स्थान पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की जा रही थी। विदिशा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश जैन ने समाज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए इसी चौराहे पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।

प्रस्ताव पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा ने सहमति जताते हुए आगामी बैठक में प्रस्ताव को पास कराने और इसके बाद शीघ्र ही महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित कराने का वचन दिया। कार्यक्रम में बताया गया कि आगामी एक वर्ष के भीतर चौराहे पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

भारत की अर्थव्यवस्था में अग्रवाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि अग्रवाल समाज न केवल विदिशा बल्कि पूरे भारत में व्यापार और समाज सेवा के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अग्रवाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान है। महाराजा अग्रसेन के विचार आज भी समाज को सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं।
अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों में उत्साह दिखाई दिया। चौराहे का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर किए जाने को समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सोनल कौशल अहिरवार, जमुना कुशवाहा, आशीष माहेश्वरी, संजय अग्रवाल, ज्योति सिद्धार्थ जैन सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के नागरिक मौजूद रहे।


