
10 ग्राम मादक पदार्थ के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कार समेत 11 लाख का मशरूका जब्त
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम ब्राउन शुगर और मारुति सुजुकी अर्टिगा कार सहित कुल 11 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों शैलेंद्र लोधी पिता हरिनारायण लोधी, उम्र 35 वर्ष, निवासी गांधीनगर कॉलोनी, रॉयल सिटी के पास, विदिशा और विकास रघुवंशी पिता रामकृष्ण रघुवंशी, उम्र 31 वर्ष, निवासी साईं धाम कॉलोनी, बायपास, विदिशा को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस कस्बा भ्रमण करते हुए बेतवा नदी किनारे बंगला घाट पहुंची थी। पुलिस वाहन को देखकर अर्टिगा कार सवार दोनों व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में वाहन वापस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके कब्जे से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, कीमत करीब 1,00,000 रुपए बरामद हुई। मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, कीमत करीब 10,00,000 रुपए भी जब्त की गई।
पूछताछ में नेटवर्क के सुराग
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 662/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और पुलिस रिमांड लेकर ब्राउन शुगर के क्रय-विक्रय एवं आपूर्ति श्रृंखला के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह के नेतृत्व में हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री आनंद राज, उप निरीक्षक रितेश नागर, प्रधान आरक्षक विजय गुप्ता, आरक्षक भूपेंद्र कुर्मी, राघवेंद्र सिकरवार एवं शिशुपाल सिंह दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। विदिशा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई देने पर स्थानीय पुलिस, नशे की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 7587637635 अथवा डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
