
बैरसिया रोड पर पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी, मोटरसाइकिल भी जब्त
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को 20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए है। आरोपियों के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई है।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान ढोलखेड़ी के पास बैरसिया रोड पर पुलिस वाहन को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति कथित तौर पर वाहन को वापस बैरसिया की ओर भगाने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप शर्मा (38), निवासी शुभम पाठक की कॉलोनी, सागर पुलिया रोड, मोहनगिरी, विदिशा और दिनेश मालवीय (28), निवासी सोठिया, थाना सिविल लाइन, विदिशा के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आए अन्य नाम
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी मिली है। पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर संभावित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 650/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त होने के बाद उनसे मादक पदार्थ के स्रोत, खरीद-फरोख्त और सप्लाई चैन को लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज, सहायक उप निरीक्षक राम मनोहर, सहायक उप निरीक्षक मुकेश ठाकुर, प्रधान आरक्षक विजय गुप्ता, महेंद्र, अरुण चौकसे सहित आरक्षक भूपेंद्र कुर्मी, राघवेंद्र सिकरवार, अखिलेश सिंह राजावत और शिशुपाल सिंह दांगी की भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
विदिशा पुलिस ने नागरिकों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना स्थानीय पुलिस, नशे संबंधी हेल्पलाइन 7587637635 अथवा डायल-112 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।
