जवाहर बाल मंच ने विभिन्न स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्रों को गांधीजी के विचारों पर चलने का दिया संदेश
विदिशा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जवाहर बाल मंच (बाल कांग्रेस) द्वारा विद्यार्थियों के बीच गांधीजी के विचारों और उनके जीवन मूल्यों को पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जवाहर बाल मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवी हरि एवं प्रदेश अध्यक्ष मेघा परमार के निर्देशानुसार विदिशा अध्यक्ष मयंक शर्मा के नेतृत्व में शहर के RKM स्कूल सहित विभिन्न कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के चित्र वाले मास्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जवाहर बाल मंच के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता और सद्भाव के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गांधीजी का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज की पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों को आत्मसात कर विद्यार्थी समाज में सकारात्मक बदलाव की भूमिका निभा सकते हैं।

मास्क वितरण के दौरान विद्यार्थियों में भी उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के व्यक्तित्व एवं उनके स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की।
जवाहर बाल मंच के विदिशा अध्यक्ष मयंक शर्मा ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर गांधीजी के विचारों को साझा करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके सिद्धांतों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा जैसे गांधीजी के मूल विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में अनिकेत गुर्जर, भावेश रघुवंशी, विजय शर्मा सहित जवाहर बाल मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

