सड़क सुरक्षा अभियान में नीमताल पर जागरूकता के साथ कार्रवाई; नियम तोड़ने वाले 25 वाहन चालकों के चालान
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। सड़क हादसों में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विदिशा पुलिस का 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीटबेल्ट जागरूकता व प्रवर्तन अभियान जारी है। बुधवार को नीमताल में आयोजित अभियान के दौरान जिला कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने दोपहिया वाहन चालकों को स्वयं हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। इस दौरान 100 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
चौराहे पर अधिकारियों ने संभाली कमान
नीमताल में आयोजित जागरूकता एवं चेकिंग अभियान के दौरान कलेक्टर और एसपी ने मौके पर वाहन चालकों से संवाद किया। अधिकारियों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व की जानकारी देते हुए स्वयं हेलमेट पहनाया और नियमित रूप से हेलमेट लगाने की अपील की।अभियान के दौरान मौजूद मीडियाकर्मियों को भी अधिकारियों ने हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। अधिकारियों का कहना था कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से नहीं, बल्कि लोगों की आदत और जिम्मेदारी बनने से ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।
जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
पुलिस की चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। कुल 25 चालान बनाए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश दी कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट का नियमित उपयोग करें।
28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक अभियान
विदिशा पुलिस द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक जिले में 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीटबेल्ट जागरूकता तथा प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज, यातायात थाना प्रभारी आशीष राय, सूबेदार मेघा शर्मा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

