
पंचमी पर्व पर किले के अंदर बड़े जैन मंदिर से निकली शोभायात्रा, जैन धर्म की पताका और भजनों पर थिरके श्रद्धालु
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। धार्मिक नगरी विदिशा के 500 वर्ष से अधिक प्राचीन श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में गुरुवार को पंचमी पर्व के अवसर पर वार्षिक विमानोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। पूज्य मुनि 108 निर्णय सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में निकले विशाल चल समारोह में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। चांदी के विमान रथ में भगवान महावीर की प्रतिमा विराजमान रही, वहीं चांदी के मेरु रथों ने चल समारोह की शोभा बढ़ाई।

चल समारोह सुबह करीब 11.30 बजे किले के अंदर स्थित बड़े जैन मंदिर से प्रारंभ हुआ। शोभायात्रा बजरिया, तिलक चौक, निकासा, किरी मोहल्ला, माधवगंज और पेड़ी चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर धर्मलाभ लिया।

जिनवाणी लेकर निकली वग्घी, भजनों पर झूमे युवा
चल समारोह में वग्घी पर जिनवाणी लेकर इंद्र-इंद्राणी विराजमान रहे। आचार्यश्री एवं मुनिराज के कटआउट भी आकर्षण का केंद्र रहे। अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के सदस्य आध्यात्मिक भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। ज्ञानोदय तीर्थ दीवानगंज से प्राचार्य शुभम शास्त्री के नेतृत्व में 70 से अधिक विद्यार्थी जैन धर्म की पताका लहराते हुए शामिल हुए।
मंदिर पहुंचकर हुआ पूजन-अभिषेक
चल समारोह के मंदिर पहुंचने के बाद आचार्यश्री की पूजन विभिन्न मंदिरों के ट्रस्ट, मुनिसेवक संघ एवं समाजजनों द्वारा की गई। इसके बाद कलशाभिषेक का आयोजन हुआ। इसमें रितेश जैन करैया परिवार, सुभाषचंद जैन एवं डॉ. राहुल जैन परिवार, शिखरचंद शराफ अलंकार परिवार, अनिल सिंघई बाटा वाले परिवार, राजकुमार प्रिंस परिवार तथा मलुकचंद खेरुआ परिवार सहित अन्य श्रद्धालुओं को सौभाग्य प्राप्त हुआ। पूजन के बाद मुनिश्री के प्रवचन हुए।
अधिकारी भी हुए शामिल
विमानोत्सव कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर नितिन जैन एवं एसडीएम अनुराग जैन भी शामिल हुए। कार्यक्रम में सकल जैन समाज की उपस्थिति रही। धार्मिक आयोजन के समापन के बाद समाजजनों के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की सफलता पर ट्रस्ट अध्यक्ष मलुकचंद जैन सहित रवि पटेल, एडवोकेट चक्रवर्ती, वीरेंद्र मानपुर, प्रकाश सिंघई, राकेश मोदी, संजय अलंकार, रितेश करैया, डॉ. एमएल जैन, इंजीनियर सुरेंद्र जैन, राजकुमार प्रिंस, राजकुमार जैन सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने समाजजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

