पीपलखेड़ा कलां में तीन क्लीनिक सील, दो को नोटिस जारी
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पीपलखेड़ा कलां में गैर-मान्यता प्राप्त एवं अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान तीन क्लीनिकों को सील किया गया, जबकि दो क्लीनिक संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं निर्धारित मापदंडों का पालन करने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार गठित जांच दल ने ग्राम पीपलखेड़ा कलां में संचालित क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्लीनिकों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और मान्यता संबंधी जानकारी की जांच की गई। जांच में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप दस्तावेज एवं मान्यता संबंधी स्थिति नहीं पाए जाने पर सुधीर क्लीनिक, ओम क्लीनिक एवं गोविंद साहू क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की गई।
वहीं गोविंद महाराज क्लीनिक एवं भगवान सिंह किरार क्लीनिक को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा निर्धारित मापदंडों का पालन करने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमोद दीवान, बीएमओ विदिशा डॉ. विकास सिंह, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शोएब खान, मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौरव यादव, प्रदीप राठौर, रोहित दोहरे एवं तलाह सुहेल शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में बिना मान्यता एवं निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई का अभियान जारी है। विभाग द्वारा ऐसे संस्थानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

