गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल निकला पुलिस बल, एसपी रोहित काशवानी रहे मौजूद
अफवाह और असामाजिक गतिविधियों पर नजर, चल समारोह-विसर्जन के दौरान चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की निगरानी
विदिशा। अनंत चतुर्दशी चल समारोह और गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर विदिशा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी की मौजूदगी में शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने पैदल फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस की इस कवायद का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा।
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर मेन मार्केट, निकासा, तिलक चौक, सराफा, बड़ा बाजार, लोहा बाजार, झूलन पीर, बजरिया, बरईपुरा, किरी मोहल्ला और माधवगंज होते हुए वापस मेन मार्केट से थाना कोतवाली पहुंचा। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की मौजूदगी रही।
अधिकारियों के साथ कई थानों का बल रहा शामिल
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, डीएसपी अजाक पंकज गीते, डीएसपी भूर सिंह चौहान, डीएसपी मासूम पटले सहित कोतवाली, अजाक और यातायात थाना प्रभारियों के साथ पुलिस बल शामिल रहा। थाना कोतवाली, सिविल लाइन, अजाक, महिला अपराध शाखा, पुलिस लाइन और अन्य थानों से पुलिसकर्मी भी मार्च में मौजूद रहे।
सीसीटीवी और पेट्रोलिंग से होगी निगरानी
अनंत चतुर्दशी के दौरान चल समारोह और प्रतिमा विसर्जन मार्ग पर पुलिस की सतत पेट्रोलिंग रहेगी। प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और अफवाहजनक सूचनाओं पर भी नजर रखी जाएगी। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है।
शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से चल समारोह और विसर्जन के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

