दोपहर 12 बजे से 26 सितंबर सुबह 8 बजे तक लागू रहेगी नई यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों के लिए भी बदला रूट
रिपोर्टर- गुड्डू किरार | विदिशा मध्य प्रदेश
विदिशा। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 26 सितंबर की सुबह 8 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहिया, तीनपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
पुराना अस्पताल तिराहा से माधवगंज, तिलक चौक, बड़ा बाजार, बजरिया होते हुए रामलीला मैदान तक तथा रामलीला से तोपपुरा, बजरिया, बड़ा बाजार, तिलक चौक, कोतवाली, माधवगंज होते हुए पुराना अस्पताल तिराहा तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
भोपाल जाने वालों को लेना होगा बदला रास्ता
अशोकनगर और गुना की ओर से भोपाल जाने वाले वाहन एवं भारी वाहन ढोलखेड़ी से उदयगिरि और सांची होते हुए भोपाल की ओर जा सकेंगे। राहतगढ़ और सागर की ओर जाने वाले वाहन ढोलखेड़ी से ओलंपस स्कूल, धतुरिया बाईपास होते हुए सागर की ओर जाएंगे।
शहर में आने-जाने के लिए भी डायवर्सन
विवेकानंद चौराहा से रामलीला और ढोलखेड़ी की ओर जाने वाले तीनपहिया व चारपहिया वाहन महलघाट, मीणा धर्मशाला होते हुए ढोलखेड़ी की ओर जाएंगे। वहीं गुना, अशोकनगर और ढोलखेड़ी से विदिशा आने वाले तीनपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए मीणा धर्मशाला से महलघाट होकर विदिशा पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस की अपील—व्यवस्था में सहयोग करें
चल समारोह और प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ एवं यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और निर्धारित डायवर्सन मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार मार्ग व्यवस्था का पालन करने से श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों के आवागमन को भी सुरक्षित और सुगम बनाए रखने में मदद मिलेगी।

