ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा सख्त
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। नवरात्रि, दशहरा और आगामी त्योहारों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विदिशा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी की मौजूदगी में शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस बल और ब्लैक कमांडो दस्ते की मौजूदगी के बीच असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया।
नीमताल से शुरू हुआ फ्लैग मार्च अस्पताल रोड, माधवगंज चौराहा, मेन मार्केट, निकासा, तिलक चौक, सराफा, बड़ा बाजार, लोहा बाजार, झूलन पीर और बजरिया से होते हुए रामलीला स्थल पर संपन्न हुआ। मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी, सीएसपी अतुल सिंह, डीएसपी सुरेंद्र सिंह, डीएसपी मासूम पटले सहित कोतवाली, सिविल लाइन, यातायात एवं पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। थाना प्रभारी आनंद राज, राजपाल सिंह जादौन, यातायात प्रभारी आशीष राय, रक्षित निरीक्षक नीरज सिंह सिकरवार और कंट्रोल रूम प्रभारी हिरदय कुशराम भी मौजूद रहे।

त्योहारों और प्रतिमा विसर्जन के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। शोभायात्राओं एवं जुलूसों की वीडियोग्राफी के साथ यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कराया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों की निगरानी भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने, अफवाह फैलाने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से शांति, सद्भाव और अनुशासन बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है। आपातकालीन सूचना के लिए डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479999398 पर संपर्क करें।

