बांधों के 71% जल का पेयजल के लिए आरक्षण, 50% जलभराव वाले बांधों से किसानों को मिलेगा एक पानी
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। जिले में रबी फसलों की सिंचाई के लिए 1 नवंबर 2026 से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। जलाशयों में उपलब्ध पानी को देखते हुए सिंचाई और पेयजल के बीच संतुलन बनाने की रणनीति तैयार की गई है। बांधों में उपलब्ध जल का 71 प्रतिशत हिस्सा पेयजल के लिए आरक्षित रखा गया है, जबकि 50 प्रतिशत तक जलभराव वाले बांधों से किसानों को रबी फसलों की सिंचाई के लिए एक पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में अपर कलेक्टर मीना मसराम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। शमशाबाद विधायक सूर्य प्रकाश मीणा की उपस्थिति में हुई बैठक में जलाशयों में उपलब्ध जल, सिंचाई परियोजनाओं, नहरों की साफ-सफाई, कमांड क्षेत्र में जल वितरण और पेयजल के लिए आरक्षित पानी की स्थिति की समीक्षा की गई।

जल उपलब्धता के आधार पर होगा वितरण
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 से जिले के जलाशयों की नहरों में रबी सिंचाई के लिए जल प्रवाह शुरू किया जाएगा। हालांकि, पानी छोड़ने की व्यवस्था संबंधित जलाशयों में उपलब्ध जल की स्थिति के अनुसार की जाएगी। पेयजल की जरूरतों को सुरक्षित रखते हुए किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को नहरों की साफ-सफाई और जल वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कमांड क्षेत्र के किसानों तक पानी का समुचित और समान वितरण सुनिश्चित हो सके।
जल का दुरुपयोग रोकने पर जोर
बैठक में विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने जल कर की वसूली, विदिशा नगरपालिका को पेयजल पाइपलाइन के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने तथा सिंचाई के लिए उपलब्ध जल का सदुपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग होने से सीमित उपलब्धता के बावजूद अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सकता है।
जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री किरण भाबोर ने कमांड क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे सिंचाई के लिए उपलब्ध पानी का आवश्यकतानुसार और मितव्ययिता से उपयोग करें, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में समिति के सदस्यों, जल संसाधन विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों सहित मुख्य नगरपालिका अधिकारी विदिशा दुर्गेश ठाकुर तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी गंजबासौदा अशोक वर्मा उपस्थित रहे।

