पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन और राशन से जुड़े आवेदन पहुंचे, अधिकारियों को निराकरण के निर्देश
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित सहयोग सेल के माध्यम से विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने मंगलवार को क्षेत्र से आए नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन, राशन सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के आवेदन विधायक के समक्ष प्रस्तुत किए।

विधायक टंडन ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। सहयोग सेल के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे संगठन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में जिला भाजपा संगठन की ओर से सहयोग सेल में डॉ. राहुल जैन उपस्थित रहे। इस दौरान बलवीर रघुवंशी, संतोष शर्मा, रमेश दांगी, प्रशांत खत्री, राहुल गुप्ता, विशाल बैतुले सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
जनता और प्रशासन के बीच सेतु
भाजपा के सहयोग सेल को जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए संगठन की ओर से कहा गया कि पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना है। इसके लिए नागरिकों से प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।

