श्याम डेयरी इंडस्ट्री में प्रशासन की छापेमारी, करीब 4.50 लाख की सामग्री सील; छह नमूने जांच के लिए भेजे

गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। मुखर्जी नगर क्षेत्र स्थित श्याम डेयरी इंडस्ट्री में संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर करीब 750 किलो संदिग्ध घी और वेजिटेबल फैट जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त मनोज पुष्प के निर्देश और कलेक्टर अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम ने बुधवार शाम करीब 5.30 बजे ईदगाह रोड स्थित परिसर का निरीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान अधिकारियों को फैक्ट्री में मल्टीपर्पस वेजिटेबल फैट के इस्तेमाल से घी और अन्य खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की जानकारी मिली।

ब्रांडेड पैकिंग से लेकर 900 किलो का टैंक मिला
निरीक्षण के दौरान मौके से करीब 40 किलो बटर, अरिहंत ब्रांड गाय का घी, कामधेनु घी, देहाती घी सहित अलग-अलग ब्रांड की पैकिंग सामग्री मिली। परिसर में करीब 900 किलो क्षमता का घी टैंक और पैकिंग मशीन भी पाई गई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने गाय के मक्खन, अलग-अलग ब्रांड के घी, लूज घी और वेजिटेबल फैट समेत कुल छह नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद सामग्री की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
लाइसेंस में वेजिटेबल फैट का उल्लेख नहीं
प्रारंभिक निरीक्षण में अधिकारियों को फैक्ट्री के एफएसएसएआई लाइसेंस में वेजिटेबल फैट के निर्माण अथवा उपयोग का उल्लेख नहीं मिला। निरीक्षण के समय परिसर में कोई तकनीकी प्रभारी भी मौजूद नहीं था।
टीम को फैक्ट्री में साफ-सफाई की कमी और खुले में रखे खाद्य रंग भी मिले। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने संदिग्ध खाद्य सामग्री को सील कर दिया। संबंधित कारोबारी के लाइसेंस के तहत अगले आदेश तक खाद्य कारोबार पर रोक लगा दी गई है।
अब कार्रवाई की अगली कड़ी प्रयोगशाला रिपोर्ट पर निर्भर है। रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
