गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
पूर्णाहुति हवन और महाआरती के बाद साधना सिंह चौहान ने कन्याओं को परोसी प्रसादी, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
विदिशा। गणेशोत्सव के अवसर पर शहर के प्रसिद्ध श्री बाढ़ वाले गणेश मंदिर में धार्मिक आस्था का उल्लास देखने को मिला। मंदिर में आयोजित अखंड रामायण पाठ के समापन पर विधि-विधान से पूर्णाहुति हवन, पूजन और महाआरती हुई। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
हवन-पूजन एवं महाआरती के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान ने कन्याओं को अपने हाथों से प्रसादी परोसी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भी भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।

दिनभर लगा रहा भक्तों का तांता
गणेशोत्सव के चलते मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग भगवान गणेश के दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने पहुंचे। अखंड रामायण पाठ के समापन के बाद मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

शिवराज सिंह चौहान की आस्था का प्रमुख केंद्र है मंदिर
श्री बाढ़ वाले गणेश मंदिर को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आस्था के प्रमुख केंद्रों में माना जाता है। गणेशोत्सव के दौरान यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
आयोजन में विधायक मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, श्याम सुंदर शर्मा, राकेश जादौन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, दिनेश कुशवाहा सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

