
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सपा के कुछ कार्यकर्ता डीएम ऑफिस के बाहर जौहर यूनिवर्सिटी ध्वस्तीकरण के खिलाफ प्रोटेस्ट कर रहे है. मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी मौजूद है. मगर इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ कि इंस्पेक्टर को मजबूरन पिस्टल बाहर निकालनी पड़ गई और उसे कॉक करने लगे. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. आइए जानते हैं आखिर कौन है यह दरोगा और किस वजह से प्रदर्शन में उन्हें पिस्टल निकालनी पड़ गई.
मामला अलीगढ़ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में डीएम कार्यालय के बाहर का है. जब जौहर यूनिवर्सिटी ध्वस्तीकरण के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और जंमकर हंगामा काटा. इसी दौरान जब पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया तो लोग पुलिस के पीछे भागने लगे और धक्का-मुक्की करने लगे. कुछ लोगों ने इंस्पेक्टर के साथ बदतमीजी की, उनके ऊपर हमला करने का प्रयास किया. माहौल को बिगड़ता देख दरोगा ने पिस्टल बाहर निकाल ली.
हंगामे में पुलिस ने 8 नामजद समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने सड़क पर पुतला जलाने का प्रयास किया था. जिससे यातायात बाधित होने और आगजनी की आशंका बनी. पुलिस और पीएसी ने रोकने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारी कथित रूप से पुलिस से उलझ गए.
