गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
लिफ्ट देने के बहाने बोलेरो में सवार हुए थे आरोपी, हथियार दिखाकर लूटे थे 1.67 लाख रुपए; कट्टा, कारतूस, बाइक और मोबाइल सहित लूट की राशि बरामद
विदिशा/कुरवाई। कुरवाई पुलिस ने 16 सितंबर को हुई हथियार के बल पर लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लिफ्ट लेने के बहाने बोलेरो में सवार होकर वाहन चालक को देशी कट्टा दिखाया और मारपीट कर 1 लाख 67 हजार रुपए की राशि लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा लूट की राशि में से बैंक में जमा रकम सहित कुल 1 लाख 67 हजार 100 रुपए बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर 2026 को फरियादी दिनेश पिता रामसेवक मिश्रा निवासी ग्राम मेहलुआ चौराहा अपनी बोलेरो से फतेहपुर मोड़ की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने लिफ्ट के लिए बोलेरो रुकवाई और उसमें सवार हो गए। कुछ दूरी आगे जाने के बाद दोनों ने फरियादी को देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर 1 लाख 67 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद बोलेरो की चाबी झाड़ियों में फेंककर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कुरवाई में अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी कुरवाई रोशनी सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुरवाई निरीक्षक आर.के. मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद 19 सितंबर को दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में लूट की वारदात में संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शिवम पिता बलवंत सिंह यादव उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम चंदवारा/दिनारा, थाना दिनारा, जिला शिवपुरी तथा देवेश पिता रामसिया विश्वकर्मा उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम ठिकाऊ, थाना धीरपुरा, जिला दतिया, हाल निवासी अशोका होटल के पास, ग्राम दिनारा, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी शिवम के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवम के विरुद्ध पूर्व में थाना सिविल लाइन जिला दतिया में अपराध क्रमांक 273/2020, धारा 302, 201, 120(बी), 34 भादवि; थाना बहादुरपुर जिला अशोकनगर में अपराध क्रमांक 253/2023 एवं 06/2026, दोनों में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। वर्तमान प्रकरण में थाना कुरवाई में अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत मामला दर्ज है।
कट्टा, कारतूस, बाइक और मोबाइल समेत सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, बैंक में जमा 1 लाख 60 हजार रुपए की राशि की रसीद/पासबुक, 3,200 रुपए नकद, आरोपी देवेश से 3,900 रुपए नकद, नीले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा एप्पल और वनप्लस कंपनी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद राशि का कुल मूल्य 1 लाख 67 हजार 100 रुपए है।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर लगी नंबर प्लेट MP07 NE 9548 फर्जी पाई गई, जबकि वाहन का वास्तविक नंबर MP07 Z4 7177 बताया गया है।
आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ीं
पुलिस ने प्रकरण में धारा 309(6), 238 बीएनएस के साथ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कुरवाई निरीक्षक आर.के. मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक शैलेंद्र नायक, प्रकाश भिलाला, ऋतुराज सिंह, प्रधान आरक्षक भानू प्रताप, बसंत शाक्य, कमल सिंह, रोहित रैकवार तथा आरक्षक चंद्रहास, राजकुमार, भूपेंद्र, नीतेश, दिनेश, सौरभ, होम सिंह, इरफान, लखन, आकाश राणा, सैनिक परमानंद, शिवप्रताप सिंह, रूपेश मेहता, अरविंद यादव, इंद्राज सिंह एवं चालक अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

