सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगा प्रतिबंध, तीन प्रमुख चौराहों से भारी वाहनों का प्रवेश बंद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जाम रोकने के लिए प्रशासन का फैसला, एंबुलेंस सहित आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। नवरात्रि पर्व पर देवी दर्शन, गरबा आयोजनों और धार्मिक गतिविधियों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विदिशा शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए प्रशासन ने भारी वाहनों के नगर में प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया है। इसके तहत 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यह व्यवस्था 14 अक्टूबर से लागू की गई है।
अनुविभागीय दंडाधिकारी, विदिशा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी आदेश के अनुसार, शहर के तीन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इनमें विवेकानंद चौराहा (ईदगाह चौराहा), दुर्गानगर चौराहा और पीतलमील चौराहा शामिल हैं। इन मार्गों से भारी वाहनों को निर्धारित प्रतिबंध अवधि में नगर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात सुचारु रखने की कवायद
नवरात्रि के दौरान शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। वहीं, गरबा कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक आयोजनों के कारण देर रात तक सड़कों पर लोगों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात बाधित होने, जाम लगने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु बना रहे।
एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को छूट
प्रशासन ने प्रतिबंध के बावजूद आवश्यक आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखा है। जारी आदेश के अनुसार, एंबुलेंस और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित आकस्मिक वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक सेवाओं के संचालन में बाधा नहीं आएगी।
पुलिस की वाहन चालकों से अपील
विदिशा पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से निर्धारित प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है। भारी वाहन चालकों से कहा गया है कि वे प्रतिबंधित समय में निर्धारित प्रवेश मार्गों से शहर में प्रवेश न करें। वहीं, धार्मिक स्थलों और गरबा आयोजनों के आसपास यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की गई है।
प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखना है। ऐसे में नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहेगा, ताकि पर्व के दौरान अनावश्यक जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति से बचा जा सके।

