वैशाली नगर में नियम तोड़ने पर एफआईआर, डीजे वाहन जब्त; दूसरे डीजे पर ₹16 हजार का जुर्माना
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। नवरात्रि के साथ ही शहर में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना शुरू होते ही तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। दुर्गा प्रतिमा स्थापना के तत्काल बाद नियम विरुद्ध डीजे संचालन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक डीजे वाहन जब्त कर लिया। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं दूसरे डीजे संचालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹16 हजार का जुर्माना किया गया।
पुलिस की यह कार्रवाई नवरात्रि, दशहरा सहित आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई का हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्र चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

समझाइश के बाद भी नियम तोड़े, एफआईआर दर्ज
पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर की रात वैशाली नगर में नियम विरुद्ध डीजे संचालन की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डीजे संचालक को निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश दी, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 676/26 दर्ज किया।
मामले में धारा 285 बीएनएस एवं धारा 7/15 मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम सहित संबंधित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। नियम विरुद्ध संचालित डीजे वाहन को पुलिस ने जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया। आरोपी वाहन चालक को न्यायालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस भी तामील कराया गया।
दूसरे डीजे पर 16 हजार का चालान
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाबा डीजे, सीहोर के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹16,000 का जुर्माना किया।
इन पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस कार्रवाई में दामोदर जाटव, पिता चेतू लाल अहिरवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 1, हनुमान मंदिर के पास, विदिशा तथा राहुल शर्मा, पिता कमल शर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी राघवजी कॉलोनी, विदिशा के नाम सामने आए हैं।
नवरात्रि में पुलिस की नजर डीजे पर
नवरात्रि के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना के साथ धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। ऐसे में पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा शांति समिति की बैठकों और विभिन्न आयोजनों के दौरान आयोजन समितियों एवं डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने की समझाइश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आस्था और परंपरा से जुड़े हैं, लेकिन इनके दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा एवं अन्य नियमों का पालन करना जरूरी है। नियमों की अनदेखी कर सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में डीजे बजाने से आम नागरिकों को परेशानी होने के साथ ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने त्योहारों के दौरान कार्रवाई को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज, उप निरीक्षक रणवीर सिंह, प्रधान आरक्षक धर्मेश बर्थे, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कटियार, आरक्षक स्वतंत्र जाट, नितेश बघेल, सचिन जाट, ऊर्जन सिंह राजपूत, अभिषेक मौर्य एवं शिशुपाल सिंह दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

