पुल से छलांग लगाकर नदी में गिरा दीपक सेन, पानी कम होने से हुआ घायल; घाट पर तैनात जवानों ने दिखाई तत्परता
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। बेतवा नदी के पुल से आत्महत्या के उद्देश्य से छलांग लगाने वाले 29 वर्षीय युवक की जान बेतवा घाट पर तैनात होमगार्ड जवानों की तत्परता और साहस से बच गई। नदी में पानी कम होने के कारण छलांग लगाने के बाद युवक घायल हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद जवानों ने बिना समय गंवाए नदी में पहुंचकर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार युवक , उम्र 29 वर्ष, ने बेतवा नदी के पुल से नदी में छलांग लगा दी थी। छलांग लगाने के बाद वह घायल अवस्था में नदी में पड़ा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेतवा घाट पर तैनात होमगार्ड जवान सेवा क्रमांक 78 कपिल पराशर, सेवा क्रमांक 177 संतोष राय सहित परसराम और वीरेंद्र रघुवंशी तत्काल सक्रिय हुए। जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को नदी से बाहर निकाला।
डायल 112 से पुलिस को दी सूचना, अस्पताल पहुंचाया
युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद होमगार्ड जवानों ने तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
संकट की घड़ी में काम आई जवानों की सजगता
घटना ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में मौके पर मौजूद बचावकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के महत्व को सामने ला दिया। बेतवा घाट पर तैनात होमगार्ड जवानों ने घटना के दौरान जिस तत्परता और साहस का परिचय दिया, उससे घायल युवक को समय पर सहायता मिल सकी। कुछ ही समय में की गई इस कार्रवाई ने एक अनहोनी को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

