
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
तारण तरण जैन समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा, तिलक महोत्सव एवं क्षमावाणी कार्यक्रम आज
विदिशा। पयुर्षण पर्व के समापन के अवसर पर सकल तारण तरण जैन समाज विदिशा द्वारा सोमवार को श्री जिनवाणी पालकी जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुबह खरीफाटक स्थित चैत्यालय से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में समाजजन श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल हुए। जिनवाणी पालकी के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

शोभायात्रा संत तारण तरण मार्ग, अरिहंत विहार कॉलोनी गेट, संदीप प्रतिष्ठा के निवास वाली गली, पार्श्वनाथ जिनालय, संदीप रोचक के निवास, अरिहंत हिल्स रोड होते हुए अरिहंत विहार मुख्य मार्ग से श्री तारण स्वाध्याय मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान समाजजनों ने जिनवाणी पालकी के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए जयकारे लगाए। पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा। समाज के महिला-पुरुष एवं बच्चों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की।

तिलक महोत्सव और क्षमावाणी कार्यक्रम
शोभायात्रा के उपरांत अरिहंत विहार स्थित श्री तारण स्वाध्याय मंदिर परिसर में तिलक महोत्सव एवं क्षमावाणी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही दोपहर 2 बजे से स्वाध्याय मंदिर परिसर में पाठभावना का आयोजन होगा।
समाजजनों ने बताया कि पयुर्षण पर्व आत्मशुद्धि, संयम और आत्मचिंतन का पर्व है। इसके समापन पर आयोजित क्षमावाणी कार्यक्रम में परस्पर क्षमा मांगने और क्षमा करने की भावना के साथ सामाजिक एकता एवं सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
सकल तारण तरण जैन समाज विदिशा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों से सहभागिता की अपील की गई है।
