08 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसौद थाना पुलिस और हिम्मतपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों की खेप लेकर शिवपुरी की ओर जा रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शिवपुरी-श्योपुर रोड पर खोरघार पुलिया के पास चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर बैग की तलाशी ली तो उसमें 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अवैध हथियार सेंधवा, जिला बड़वानी से लेकर आया था और इन्हें लेकर दतिया जा रहा था। रास्ते में आंख लग जाने के कारण वह श्योपुर पहुंच गया और वहां से शिवपुरी की ओर आते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई करने वाले और इन्हें प्राप्त करने वाले नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर की गई।

