गणपति महोत्सव के छठवें दिन केंद्रीय कृषि मंत्री ने की गणेश आराधना और पौधरोपण, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। वात्सल्य विद्यालय परिसर में आयोजित गणपति महोत्सव के छठवें दिन शनिवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने बैंड की धुनों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लखन पटेल सहित जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। शिवराज सिंह चौहान ने भगवान गणेश की आराधना कर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की और विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
विद्यालय की संचालक देवना अरोरा, नम्रता अरोरा, प्रतीक कोहली, रुचिरा अरोरा एवं संजय शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण और भगवान विष्णु के दशावतार पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
‘10 मिनट में करा दिए भगवान विष्णु के दशावतार के दर्शन’
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों और विद्यालय की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि वात्सल्य विद्यालय ने जिस तरह विद्यार्थियों के माध्यम से प्रस्तुतियां तैयार की हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ‘धन्य है वात्सल्य विद्यालय, जिसने 10 मिनट में भगवान विष्णु के दशावतार के दर्शन करा दिए।’
बेटियां अद्भुत हैं, उनका सम्मान करना हमारा दायित्व
महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि बेटियां अद्भुत हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए बेटियां देवियों के समान हैं और बेटियों का कभी अनादर नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और सम्मान को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
माता-पिता और गुरु के सम्मान की दी सीख
भगवान गणेश से जुड़ी कथा का उल्लेख करते हुए चौहान ने विद्यार्थियों को माता-पिता और गुरु के सम्मान का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि माता-पिता से सदैव प्रेम करना चाहिए और उनकी आज्ञा का पालन करना चाहिए। छात्र जीवन में माता-पिता और गुरु की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनका हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए।
विद्यार्थियों से कहा—खुद को कभी कमजोर मत समझो
केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कोई भी बच्चा स्वयं को कमजोर न समझे। प्रत्येक व्यक्ति में आगे बढ़ने और अपनी क्षमता साबित करने की ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से खूब पढ़ने, मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम सभी में ईश्वर का अंश है, इसलिए स्वयं को कमजोर समझने के बजाय अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखना चाहिए।
मेधावी विद्यार्थियों को मिली 25-25 हजार रुपये की लैपटॉप राशि
कार्यक्रम के दौरान गुरुकृपा छात्रवृत्ति के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कक्षा 10वीं की छात्रा गौरी बघेल तथा कक्षा 12वीं के जिला टॉपर विद्यार्थियों—वाणिज्य संकाय के अंगराज यादव, कला संकाय की देविका रघुवंशी और विज्ञान संकाय के कुशाग्र पाल—को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि वितरित की गई।
बच्चों के बीच पहुंचे शिवराज, लगाया गले और दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों से संवाद किया, उन्हें गले लगाया और आशीर्वाद दिया। केंद्रीय मंत्री ने गणपति महोत्सव की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को भी बधाई दी।
कार्यक्रम में खादी ग्राम उद्योग उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता-कैलाश रघुवंशी, विधायक हरिसिंह सप्रे, राजश्री रुद्रप्रताप सिंह, श्यामसुंदर शर्मा, राकेश कटारे, तीरथ दरबार सहित नगर के वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सुंदरकांड में उमड़ी श्रद्धा, ब्राह्मणों का किया सम्मान
गणपति महोत्सव के इसी क्रम में शाम को विद्यालय परिसर में सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इसमें अनेक विद्वान एवं वरिष्ठ ब्राह्मणजन शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था प्रमुख देवना अरोरा एवं नम्रता अरोरा ने केंद्रीय मंत्री, प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



