साल में एक बार खुलते हैं राधारानी मंदिर के पट, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
गुडडू किरार ✍️ मो- 9589362100
विदिशा। राधारानी के जन्मोत्सव राधाष्टमी को लेकर शहर के नंदवाना क्षेत्र स्थित प्राचीन राधारानी मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। राधाष्टमी के अवसर पर मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले जाते हैं। साल में केवल एक बार दर्शन का अवसर मिलने के कारण इस पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नंदवाना पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीएम विदिशा ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी, आवागमन के मार्ग, प्रवेश द्वार तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को राधाष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आस्था के पर्व पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
राधाष्टमी पर नंदवाना स्थित राधारानी मंदिर में दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की परंपरा है। वर्षभर मंदिर के पट आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रहते हैं और राधारानी के जन्मोत्सव के अवसर पर ही श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलता है। यही कारण है कि राधाष्टमी के दिन मंदिर परिसर में आस्था का विशेष वातावरण बनता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा के साथ ही यातायात एवं मार्ग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


