
स्टेशन से पुरानी हॉस्पिटल रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास का मामला, ऊपर से ट्रॉली में फेंका जा रहा मटेरियल
गुड्डू किरार ✍️ 9589362100
विदिशा। शहर में रेलवेस्टेशन से पुराना हॉस्पिटल रोड की ओर एचपी पेट्रोल पंप के पास तीन मंजिला इमारत को तोड़े जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर भवन तोड़ने का काम चल रहा है। इस दौरान ऊपर से टूटे हुए मटेरियल को ट्रॉली में फेंका जा रहा है, जबकि आसपास बड़ी संख्या में राहगीरों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस कर में लगे मजदूरों के पास हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट या अन्य सुरक्षा उपकरण मौके पर नहीं दिखे ।
नहीं दिख रहा है पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम
मौके पर मौजूद रहकर बनाए गए वीडियो में भवन तोड़ने के दौरान कर्मचारियों द्वारा ऊपर से ट्रॉली में मटेरियल फेंकते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। वहीं, आसपास से राहगीर भी गुजर रहे हैं। भवन तोड़ने के काम में लगे कर्मचारियों के सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और राहगीरों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मटेरियल गिरने से हो सकता है गंभीर हादसा
तीन मंजिला इमारत को तोड़ने के दौरान ऊंचाई से मटेरियल नीचे गिरने पर राहगीरों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। यदि भवन का कोई हिस्सा अचानक गिरता है या मलबा अनियंत्रित होकर नीचे आता है, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में भवन तोड़ने के काम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने की जरूरत है।

हादसा हुआ तो जिम्मेदारी किसकी?
स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि यदि भवन तोड़ने के दौरान कोई राहगीर मलबे की चपेट में आकर घायल होता है या कोई बड़ी दुर्घटना घटित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या भवन तोड़ने से पहले सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं? क्या संबंधित विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया है? इन सवालों का जवाब सामने आना जरूरी है।
संबंधित विभाग से जांच और सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग
मामले में नगर पालिका एवं संबंधित अधिकारियों से भवन तोड़ने के कार्य का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की जा रही है। साथ ही भवन के आसपास राहगीरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने की जरूरत है, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।
