गुड्डू किरार ✍️ 9589362100
सिरोंज मंडी की घटना में घायल विक्रम से की मुलाकात, 25 हजार की प्रारंभिक सहायता दी
विदिशा। मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने रविवार को विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर कृषि उपज मंडी सिरोंज में हुई घटना में घायल विक्रम अहिरवार पुत्र भुजबल अहिरवार से मुलाकात की। उन्होंने घायल से घटना की जानकारी लेते हुए उसके स्वास्थ्य की स्थिति जानी और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
आयोग सदस्य अहिरवार ने कहा कि घटना के आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए आयोग की ओर से आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
इस दौरान आयोग सदस्य ने अनुसूचित जाति-जनजाति प्रतिकार सहायता के तहत प्रारंभिक तौर पर 25 हजार रुपए की सहायता राशि घायल विक्रम अहिरवार को प्रदान की। इसके साथ ही फलों की टोकरी भी दी गई।
अहिरवार ने कहा कि घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से उपचार की जानकारी लेते हुए घायल को पृथक वार्ड में शिफ्ट करने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।
गौरतलब है कि कृषि उपज मंडी सिरोंज में हुए विवाद के दौरान विक्रम अहिरवार घायल हो गया था। बेहतर उपचार के लिए उसे विदिशा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।आयोग सदस्य ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार 14 सितंबर को कृषि उपज मंडी सिरोंज पहुंचकर घटना में घायल विक्रम अहिरवार के परिजनों से भी मुलाकात की जाएगी। इस अवसर पर विदिशा एसडीएम मनीष जैन, सीएसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
