
आंगनवाड़ी केंद्रों से मजबूत होगा महिलाओं-बच्चों की योजनाओं का जुड़ाव
गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
विधायक सूर्य प्रकाश मीना ने माताओं-बहनों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का सम्मान
विदिशा/शमशाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आँगन मिलन सेवा पखवाड़ा के द्वितीय चरण का शुभारंभ मंगलवार को शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र की वर्धा ग्राम पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से हुआ। अभियान के तहत शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के 414 आंगनवाड़ी केंद्रों में एक साथ विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की गईं। मुख्य कार्यक्रम में शमशाबाद विधायक सूर्य प्रकाश मीना सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए।

पुष्पवर्षा कर माताओं-बहनों का किया स्वागत
वर्धा ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सूर्य प्रकाश मीना ने उपस्थित माताओं और बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

विधायक ने समुदाय से आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों का बेहतर पोषण, स्वास्थ्य तथा सुरक्षित भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
मुख्यमंत्री की अपील का किया गया वाचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से जारी अपील का वाचन जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, विदिशा विनीता लोढ़ा ने किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा से संबंधित प्रयासों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता से स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किया गया।
500 से अधिक महिलाएं, 150 से अधिक बच्चे हुए शामिल
कार्यक्रम में 200 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सहभागिता की। वहीं 500 से अधिक महिलाओं और 150 से अधिक बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया। आँगन मिलन सेवा पखवाड़ा के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत करने तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में शमशाबाद नगर परिषद अध्यक्ष भारती माहेश्वरी, मंजरी जैन, अंशलेखा भावसार, साकल खेड़ा सरपंच कल्पना किरार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता लोढ़ा, परियोजना अधिकारी विदिशा ग्रामीण नेहा जैसवाल, परियोजना अधिकारी नटेरन कमला पवार, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर नीतू राय सहित महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
