गुड्डू किरार ✍️ मो- 9589362100
सड़क पर गिरी काली पन्नी उठाकर ले गया था बुजुर्ग, फुटेज खंगालकर पुलिस ने तलाशा और थाने बुलाकर फरियादी को सौंपे रुपए व दस्तावेज
विदिशा। कोतवाली पुलिस ने तत्परता और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल की मिसाल पेश करते हुए गुम हुए 50 हजार रुपए के साथ पासबुक और चेकबुक बरामद कर फरियादी को वापस सौंप दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से फरियादी को बड़ी राहत मिली।
23 सितंबर को रंधीर सिंह ठाकुर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 50 हजार रुपए नगद, पासबुक एवं चेकबुक गुम हो गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया।
फुटेज से सामने आया पूरा घटनाक्रम
सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच के दौरान पुलिस को सड़क पर पड़ी काली पन्नी उठाते हुए एक व्यक्ति दिखाई दिया। जांच में उसकी पहचान वीरेंद्र जैन (66), निवासी खरीफाटक रोड, विदिशा के रूप में हुई। पुलिस ने पता तलाश कर उन्हें थाना कोतवाली बुलाया। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद उनके पास सुरक्षित रखी 50 हजार रुपए की पूरी राशि, पासबुक और चेकबुक फरियादी रंधीर सिंह ठाकुर को थाना परिसर में वापस सौंप दी गई।
पुलिस की सक्रियता से लौटी रकम
गुम हुई रकम और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बरामदगी में सीसीटीवी तकनीक के साथ पुलिस की त्वरित जांच और सक्रियता महत्वपूर्ण रही। पुलिस की तत्परता से फरियादी को उसकी मेहनत की कमाई और जरूरी दस्तावेज वापस मिल सके। कार्रवाई ने यह भी दिखाया कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ गुम वस्तुओं की तलाश में भी पुलिस के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी आनंद राज के नेतृत्व में की गई।
सराहनीय भूमिका: निरीक्षक आनंद राज, प्रधान आरक्षक धर्मेश बर्थे, आरक्षक अभिषेक मौर्य एवं आरक्षक आनंद गौतम।

